सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

कान्हा की भक्ति में डूबा सिधारी, दही हांडी फोड़कर गोविंदाओं ने जीते 51 हजार

कंधों पर चढ़कर हांडी तक पहुंचे गोविंदा, हर प्रयास पर थमीं सांसें, जीत पर गूंजे जयकारे आजमगढ़। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सिधारी क्षेत्र स्थित इच्छापूर्ति श्री गौरीशंकर मंदिर में शुक्रवार को दही हांडी प्रतियोगिता ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। दूर-दराज के क्षेत्रों से आई गोविंदा टोलियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। ढोल-ताशों की थाप और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच गोविंदाओं ने कई बार मानव पिरामिड बनाकर हांडी फोड़ने का प्रयास किया। हर प्रयास के साथ श्रद्धालुओं का रोमांच बढ़ता गया। आखिरकार सिधारी क्षेत्र की टीम ने हांडी फोड़कर जीत हासिल की। विजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। विश्वजीत सिंह, राजू सिंह, हर्ष सिंह, कुसुमलता सिंह, बाबी सिंह रेडा, प्रकृतिक सिंह रेडा, पुन्नू सिंह रेडा, राबी सिंह रेडा, नायक यादव, रिशु सिंह, नरसिंह यादव, नीतू सिंह, राजेश यादव, रामचंद्र यादव, रमाशंकर, सुभाष यादव, बबन कामता, हर्षवर्धन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कैफियत एक्सप्रेस में मासूम से छेड़छाड़, शोर मचते ही भागने लगा वेंडर


यात्रियों ने दौड़ाकर पकड़ा, जीआरपी के हवाले किया; पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज

आजमगढ़ से दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस में मां और भाइयों के साथ सफर कर रही नौ वर्षीय बच्ची से पेंट्रीकार के वेंडर ने छेड़छाड़ कर दी। बच्ची के शोर मचाने पर यात्रियों ने आरोपी को पकड़ लिया और जीआरपी एस्कॉर्ट के हवाले कर दिया। अलीगढ़ स्टेशन पर आरोपी को हिरासत में लेकर जीआरपी ने बच्ची की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी महिला बुलंदशहर में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। रक्षाबंधन पर वह अपने दो बेटों और नौ वर्षीय बेटी के साथ पैतृक घर गई थीं। वापसी में सभी 12225 कैफियत एक्सप्रेस के एस-03 कोच में सफर कर रहे थे।
बताया गया कि रात करीब तीन बजे ट्रेन इटावा स्टेशन से आगे बढ़ी। महिला एक बेटे के साथ एक बर्थ पर सो रही थीं, जबकि उनकी बेटी दूसरे बेटे के साथ दूसरी बर्थ पर थी। आरोप है कि पेंट्रीकार का वेंडर और अलीगढ़ के गांधीपार्क थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद छावनी निवासी विशाल चौहान बच्ची को अकेला देखकर उसके पास पहुंच गया और छेड़छाड़ करने लगा।
बच्ची की आंख खुलने पर उसने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर मां समेत आसपास के यात्री जाग गए। आरोपी भागने लगा, लेकिन यात्रियों ने उसे पकड़ लिया और जीआरपी सुरक्षा दस्ते के हवाले कर दिया। बच्ची की मां ने घटना की सूचना महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी दी। ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस साल दूसरा मामला
अलीगढ़ जीआरपी थाने में इस वर्ष ट्रेन में नाबालिग से छेड़छाड़ का यह दूसरा मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले 14 अगस्त 2026 को देहरादून एक्सप्रेस में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में जीआरपी ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। वर्ष 2025 में भी ट्रेन में छेड़छाड़ का एक मामला अलीगढ़ जीआरपी थाने में दर्ज हुआ था

सर्वाधिक पढ़ीं गईं