बाइक फिसलने से हादसा, 17 वर्षीय किशोर की मौत
स्कूल के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया सरायमीर थाना क्षेत्र के मदरसा बैतूल उलूम के पास रविवार शाम बाइक फिसलने से हुए हादसे में पीछे बैठे 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। साइज़ाना गांव निवासी रियाजुद्दीन का 17 वर्षीय पुत्र यासीन रविवार शाम अपने साथी सलमान के साथ बाइक से जा रहा था। बताया गया कि शाम करीब सात बजे मदरसा बैतूल उलूम के पास अचानक बाइक फिसल गई। इससे बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में पीछे बैठे यासीन को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यासीन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। किशोर की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि घटना की उन्हें जानकारी नहीं है।