खास खबर

छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 16 लाख के जेवर व सवा लाख नकदी ले उड़े

बिलरियागंज के श्रीनगर (सियरहां) गांव में वारदात

परिवार सोता रहा, दूसरे घर में भी चोरी की कोशिश नाकाम
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 से 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और सवा लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी विजय राय का परिवार सोमवार रात भोजन के बाद सो गया था। देर रात चोर छत के रास्ते सीढ़ी से घर में दाखिल हुए और दो-तीन कमरों में रखे बक्सों की कुंडी उखाड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब सवा लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 15 से 16 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे विजय राय की नींद खुली तो घर के दरवाजे खुले और सामान बिखरा मिला। शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर डायल-112, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चोरी गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के सिवान स्थित एक खेत में बरामद हुए। पीड़ित की पत्नी महिमा राय ने बताया कि चोरी गए अधिकांश जेवर बेटे की शादी और परिवार की जरूरतों के लिए वर्षों की बचत से बनवाए गए थे। चोरी हुए सामान में सोने के झुमके, बालियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नथ, मांगटीका, चांदी का ब्रेसलेट, पायल, बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं सवा लाख रुपये की नकदी मकान की छत पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए रखी गई थी। इसी रात गांव निवासी राजेश राय के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया। आरोप है कि चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे का कुंडा कटर से काट रहे थे। आहट होने पर गृहस्वामी जाग गए, जिसके बाद चोर बाहर से दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गए। सतर्कता के कारण उनके घर में चोरी की वारदात टल गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं