खास खबर

मंदिर से चांदी का मुकुट और सोने की नथिया चोरी

चाबी लेकर पहुंची महिला, कमरा खोलकर अंदर गई, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

सरायमीर। नई बाजार स्थित छोटी अयोध्या श्री ठाकुरद्वारा श्रीरामजानकी मंदिर में शनिवार दोपहर चांदी का मुकुट और सोने की नथिया चोरी हो गई। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में एक महिला चाबी लेकर मंदिर परिसर में पहुंचती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह चाबी के माध्यम से मंदिर का कमरा खोलकर अंदर जाती नजर आ रही है।


मंदिर समिति के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच महिला ने श्री हनुमान जी का चांदी का मुकुट और श्री दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर ली। इसके बाद वह वहां से फरार हो गई।

घटना की जानकारी होने पर मंदिर समिति के लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। साथ ही उसके पास चाबी भी नजर आ रही है, जिससे उसने मंदिर का कमरा खोला। इससे घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि महिला के पास कमरे की चाबी कैसे पहुंची।

मंदिर समिति की ओर से घटना की लिखित सूचना सरायमीर कोतवाली पुलिस को दी गई। समिति ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही महिला को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है तो पुलिस अथवा मंदिर समिति को सूचना देकर जांच में सहयोग करे।

घटना को लेकर शनिवार रात सरायमीर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं