सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से ठगी, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

बहन के साथ मिलकर वारदात करने का आरोप, नौ मुकदमे दर्ज आजमगढ़ । सरकारी योजनाओं और आवास का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने के आरोपी साहब राम (43) को कप्तानगंज पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पासीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, कथित तौर पर ठगी के आभूषण, 1,350 रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को कप्तानगंज और पांच अक्टूबर को कौड़िया बाजार में महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी की गई थी। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की बहन नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में साहब राम ने बहन के साथ मिलकर महिलाओं को रिश्तेदार बताकर विश्वास में लेने और आभूषण ठगने की बात स्वीकार की है। उसने कुछ आभूषण एक फेरीवाले ...

RSS के कार्यक्रम में पहुंचे कुलपति का छात्रसभा ने किया विरोध



नारेबाजी के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की, कई छात्र हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची पुलिस

आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार का समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर छात्रसभा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

आरएसएस की ओर से हरिऔध कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ. संजीव कुमार को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। कुलपति के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी मिलने पर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और उनके कार्यक्रम में शामिल होने पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। छात्रों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें मौके से हटाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में ले लिया।

वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने पर आपत्ति

विरोध कर रहे छात्रसभा कार्यकर्ताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय के कुलपति को किसी राजनीतिक अथवा वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने से बचना चाहिए। इसी को लेकर उन्होंने कुलपति के आरएसएस कार्यक्रम में शामिल होने पर आपत्ति जताई।

छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाने के बाद हरिऔध कला केंद्र में पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम जारी रहा। घटना के बाद काफी देर तक कार्यक्रम स्थल के आसपास गहमागहमी का माहौल बना रहा।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं