एकता और सौहार्द से विकसित भारत-2047 के निर्माण में जुटें
मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने जनपदवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
आजमगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने आजमगढ़ सहित पूरे मंडलवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस को अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के त्याग व बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बताया।
मंडलायुक्त विवेक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवगाथा याद करने का अवसर है। स्वतंत्रता की रक्षा करना और देश की प्रगति में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और सहयोग की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में नागरिकों से सहयोग की अपील की। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत शांति, सद्भाव, समानता और परस्पर सहयोग से ही साकार होगा। उन्होंने नागरिकों से कानून का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अपील की कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान रखते हुए जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकता व भाईचारे को मजबूत करें। अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ योगदान देकर विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें। अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
