सेवा संकल्प में स्वच्छता का संदेश, छात्रों ने रोपे पौधे
यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में चला सफाई अभियान
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
रानी की सराय। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रोवां स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। इसके साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। पौधरोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के साथ ही पेड़-पौधों से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। नैंसी, चांदनी, अनुष्का, राफे, सलमान, अर्जान, कासिफ, अहमद, अवनीश, गौरव, साहिल, हिमांशु, ऋषिकेश, विराट, अरुण रैय्यान, अबू हासिम और शौर्य समेत अन्य छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रबंधक अब्दुल्लाह खान ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे विद्यार्थियों की दैनिक आदत का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रधानाचार्य अंजलि सिंह ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण जरूरी है। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल करने और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। एचओडी अमरनाथ विश्वकर्मा ने भी अभियान में विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।

