सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

पारिवारिक कलह में उजड़ा परिवार, 29 वर्षीय महिला की मौत

दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया, घटना से गांव में मचा कोहराम आजमगढ़ । पवई थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव में सोमवार की देर रात पारिवारिक कलह के चलते 29 वर्षीय महिला शशिकला यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो मासूम बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र पांच वर्ष और दूसरे की एक वर्ष है। हमजापुर निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी शशिकला यादव की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। बताया गया कि जयप्रकाश की बहन अपने बेटे के लिए दूध लेने गई थी। वापस लौटने पर जयप्रकाश के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। आवाज देने के बावजूद काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो शशिकला अचेत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पवई ने बताया कि मृतका के पति जयप्रकाश यादव ने लिखित तहरीर दी है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत, घर में खेलते समय सांप ने डसा

अस्पताल से पीजीआई रेफर के बाद रास्ते में तोड़ा दम

इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल


आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव में सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में खेलते समय जहरीले सांप के डसने के बाद परिजन उसे पहले अतरौलिया के सौ शैय्या अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में टांडा पीजीआई रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
चिस्तीपुर गांव निवासी रामबदन का ढाई वर्षीय पोता उत्कर्ष (पुत्र राजू) बुधवार शाम करीब तीन बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल उसे अतरौलिया स्थित सौ शैय्या चिकित्सालय लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए टांडा पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। उत्कर्ष अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां कविता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता राजू मजदूरी करते हैं और रोजगार के सिलसिले में करीब दस दिन पहले दिल्ली गए थे। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। मृतक के दादा रामनयन ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं