सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

पारिवारिक कलह में उजड़ा परिवार, 29 वर्षीय महिला की मौत

दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया, घटना से गांव में मचा कोहराम आजमगढ़ । पवई थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव में सोमवार की देर रात पारिवारिक कलह के चलते 29 वर्षीय महिला शशिकला यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो मासूम बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र पांच वर्ष और दूसरे की एक वर्ष है। हमजापुर निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी शशिकला यादव की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। बताया गया कि जयप्रकाश की बहन अपने बेटे के लिए दूध लेने गई थी। वापस लौटने पर जयप्रकाश के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। आवाज देने के बावजूद काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो शशिकला अचेत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पवई ने बताया कि मृतका के पति जयप्रकाश यादव ने लिखित तहरीर दी है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शादी में भोजन विवाद के बाद हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, तमंचा व बाइक बरामद

आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार सात जुलाई की रात ग्राम डण्डवल में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन करने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान अजीत यादव उर्फ भन्टा और उसके साथियों ने प्रितोष राजभर तथा ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रितोष राजभर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। मामले में आठ जुलाई को मृतक की मां की तहरीर पर मेंहनाजपुर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार तड़के करीब 1:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत यादव उर्फ भन्टा (29) निवासी ग्राम डण्डवल, थाना मेंहनाजपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से मारपीट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं