सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

ललही छठ माता की विधि-विधान से हुई पूजा

  ‘ललना जिए हजार बरिस...’ सोहर से गूंजे आंगन, पुत्र की सलामती को माताओं ने रखा ललही छठ का व्रत तिन्नी के चावल-पुड़ी का लगाया भोग, कुश की जुट्टी स्थापित कर की आराधना ; लोकगीतों में छलकी ममता आजमगढ़। ‘ललना जिए हजार बरिस, माई के एही अरमान...’ जैसे पारंपरिक सोहर और मंगलगीतों से रविवार को जिले के गांव से लेकर शहर तक के आंगन गूंज उठे। पुत्र की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना को लेकर माताओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ ललही छठ (हल षष्ठी) का व्रत रखा। दिनभर उपवास के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से ललही छठ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पुत्रों के मंगल की कामना की। नगर के अनंतपुरा, गुरूटोला, कोलघाट, लछिरामपुर, पुरानी कोतवाली समेत विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं ने समूह बनाकर पूजा की। पूजा स्थल पर महिलाओं ने गोट बनाकर उसमें कुश की जुट्टी स्थापित की और पारंपरिक विधि से ललही छठ माता की आराधना की। तिन्नी के चावल और तिन्नी की पूड़ी का भोग लगाया गया। पूजन के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूजा के दौरान गूंजे पारंपरिक सोहर ने माहौल को भक्त...

घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला, इलाके में दहशत

घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला, इलाके में दहशत
दादा-पोता दोहरा हत्याकांड, एक सप्ताह बाद दूसरी वारदात
भाई ने युवक पर लगाया हमला करने का आरोप

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी कि गुरुवार देर रात कस्बे में एक और सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में अकेली रह रही एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपों की जांच के साथ साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पवई कस्बा निवासी दुर्गावती (48) पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान अज्ञात परिस्थितियों में एक व्यक्ति घर के भीतर पहुंच गया और महिला पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने उनकी गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई भी घर में प्रवेश नहीं कर सका। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। अंदर दूसरी मंजिल पर महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं। पुलिस ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पवई पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्गावती एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं और घटना के समय घर में अकेली थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।  इस मामले में अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी निवासी बृजेश कुमार, जो घायल महिला के भाई हैं, ने पवई थाने में तहरीर देकर पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्या पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने धारदार हथियार से हमला करने के बाद कमरे में ताला बंद किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व इसी थाना क्षेत्र में दादा-पोते की नृशंस हत्या ने पूरे जनपद को झकझोर दिया था। उस दोहरे हत्याकांड का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार दूसरी बड़ी वारदात ने पवई क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं