सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

पारिवारिक कलह में उजड़ा परिवार, 29 वर्षीय महिला की मौत

दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया, घटना से गांव में मचा कोहराम आजमगढ़ । पवई थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव में सोमवार की देर रात पारिवारिक कलह के चलते 29 वर्षीय महिला शशिकला यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो मासूम बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र पांच वर्ष और दूसरे की एक वर्ष है। हमजापुर निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी शशिकला यादव की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। बताया गया कि जयप्रकाश की बहन अपने बेटे के लिए दूध लेने गई थी। वापस लौटने पर जयप्रकाश के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। आवाज देने के बावजूद काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो शशिकला अचेत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पवई ने बताया कि मृतका के पति जयप्रकाश यादव ने लिखित तहरीर दी है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल बस पलटी, 9 वर्षीय छात्र की मौत; कई बच्चे घायल, मचा हड़कंप

देवगांव क्षेत्र के बसही मोड़ के पास हुआ हादसा

जामिया फैजेआम की बस बच्चों को लेकर जा रही थी स्कूल
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नौ वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बच्चों को बस से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जामिया फैजेआम, देवगांव की स्कूल बस बृहस्पतिवार सुबह बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसही मोड़ तिराहे के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुए हादसे से बस में बैठे बच्चों में अफरातफरी मच गई। हादसे की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल देवगांव क्षेत्र के बनारसपुर गांव निवासी युनूस बेलाल खान (09) को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे में घायल अन्य बच्चों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि कुछ बच्चों को निगरानी में रखा गया है। क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने से हादसा हुआ प्रतीत होता है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं