खास खबर
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
मरीजों से अवैध वसूली और ड्यूटी से गायब रहने पर 26 डॉक्टर बर्खास्त
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की बड़ी कार्रवाई, नौ चिकित्साधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ। मरीजों से अवैध वसूली, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों से लंबे समय तक विरत रहने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों पर प्रदेश सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात 26 चिकित्साधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही नौ चिकित्साधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को लंबे समय से चिकित्सकीय उत्तरदायित्वों से विरत रहने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 26 चिकित्साधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिए। बर्खास्त किए गए चिकित्साधिकारियों में फिरोजाबाद, अलीगढ़, गाजीपुर, हरदोई, महोबा, बुलंदशहर, लखनऊ, बलरामपुर, मथुरा, मीरजापुर, झांसी, बरेली, गोरखपुर, सहारनपुर, मुरादाबाद, चंदौली, मैनपुरी, मऊ, सुलतानपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों के डॉक्टर शामिल हैं।
वायरल वीडियो पर भी कड़ा एक्शन
लखनऊ के बख्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्रा 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ पर मरीजों से अवैध वसूली के आरोप और वायरल वीडियो का भी डिप्टी सीएम ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंडलीय अपर निदेशक ने संबंधित स्त्री रोग विशेषज्ञ को तत्काल हटा दिया। वहीं आरोपित ओटी असिस्टेंट को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। मामले की जांच के लिए मंडलीय सर्विलांस अधिकारी को नामित किया गया है। जांच में यदि अन्य कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर नौ डॉक्टरों पर विभागीय कार्रवाई
चिकित्सकीय कार्यों में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और मरीजों के साथ अनुचित व्यवहार समेत विभिन्न मामलों में नौ चिकित्साधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इनमें इटावा के उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास यादव, रामपुर के डॉ. केक चहल, मेरठ की डॉ. संगीता चोपड़ा, बदायूं के कादरचौक सीएचसी के डॉ. अवधेश राठौर, भदोही के डॉ. संतोष चक, बलरामपुर के डॉ. सुमित कुमार, भदोही के डॉ. धीरज प्रकाश, गौतमबुद्ध नगर के डॉ. अरविन्द मलिक और डॉ. असद शामिल हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग बेहद संवेदनशील है और मरीजों के विश्वास एवं उम्मीद का केंद्र है। मरीजों के भरोसे से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की छवि धूमिल करने, कर्तव्यों और दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन न करने वाले किसी भी चिकित्साधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सर्वाधिक पढ़ीं गईं
Azamgarh: पूर्व ब्लाक प्रमुख सहित सात कालेजों के मैनेजर शिक्षा माफिया घोषित
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
Video : जहानागंज में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, पार्टी विशेष का झंडा लिए नारा लगाते वीडियो वायरल
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
