खास खबर

ट्रॉली बैग खुला तो मचा हड़कंप, 23 किलो गांजा बरामद

दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार, दो बैगों में टेप से पैक मिले 23 बंडल

आजमगढ़। बिलरियागंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो ट्रॉली बैग में ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों बैगों से प्लास्टिक टेप में पैक 23 बंडल गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को उपनिरीक्षक हरिकेश राय पुलिस टीम के साथ जैगहा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हारीपुर मोड़ की ओर से दो महिलाएं और एक व्यक्ति दो ट्रॉली बैग लेकर पैदल गुलवा गौरी पुलिया नहर की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने मस्जिद की आड़ में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जिला गाजीपुर और पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।

एक बैग में 12 तो दूसरे में 11 बंडल


पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों ने ट्रॉली बैग में गांजा होने की बात बताई। एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों की जानकारी देने के बाद क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी को सूचना दी गई। उनकी मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली गई। राजाबाबू के बैग से 12 बंडल बरामद हुए, जिनका वजन 12.224 किलोग्राम था। महिलाओं के पास मिले दूसरे बैग से 11 बंडल बरामद हुए, जिनका वजन 11.187 किलोग्राम निकला। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा किसी स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उन्हें रुपये मिलने थे। हालांकि, कथित खरीदार या व्यापारी के बारे में वे स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस खेप के स्रोत और गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों ट्रॉली बैग सील कर नमूना मोहर तैयार की। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद होने की बात कही गई है। कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। तीनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं