सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से ठगी, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

बहन के साथ मिलकर वारदात करने का आरोप, नौ मुकदमे दर्ज आजमगढ़ । सरकारी योजनाओं और आवास का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने के आरोपी साहब राम (43) को कप्तानगंज पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पासीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, कथित तौर पर ठगी के आभूषण, 1,350 रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को कप्तानगंज और पांच अक्टूबर को कौड़िया बाजार में महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी की गई थी। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की बहन नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में साहब राम ने बहन के साथ मिलकर महिलाओं को रिश्तेदार बताकर विश्वास में लेने और आभूषण ठगने की बात स्वीकार की है। उसने कुछ आभूषण एक फेरीवाले ...

11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से ट्रेलर चालक की मौत

बालू उतारते समय ट्रेलर के ऊपर खड़े होकर लाइट दिखा रहा था चालक
मौके पर मची अफरातफरी, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर-छाऊ मार्ग पर मंगलवार रात करीब 10 बजे बालू उतारते समय 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन की चपेट में आने से ट्रेलर चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तहबरपुर थाना क्षेत्र के लखमलपुर पट्टी (लाल राय) नसरुद्दीनपुर फरिहा गांव निवासी अंशु कुमार यादव (21) पुत्र रामानंद यादव, फरिहा निवासी आमिर की ट्रेलर चलाते थे। मंगलवार रात वह ट्रेलर में बालू लादकर गंभीरपुर-छाऊ मार्ग स्थित फरीदगंज में गब्बू सोनकर के घर के बाहर बालू उतारने पहुंचे थे। मजदूर नीचे बालू उतार रहे थे, जबकि अंशु ट्रेलर के ऊपर खड़े होकर लाइट दिखा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अंशु तीन बहनों के इकलौते भाई थे और ट्रेलर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मौत की खबर मिलते ही मां कलावती यादव समेत परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह मृतक के पिता रामानंद यादव ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं