सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

हनुमान जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, नई स्थापित

पुलिस ने शुरू की जांच, एसडीएम भी पहुंचे मौके पर आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर रसूलपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में हनुमान जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बाद में नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। पासीपुर रसूलपुर गांव स्थित शारदा सहायक शाखा खंड-32 के किनारे, राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 50 मीटर दक्षिण मठ गोविंद मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुराग कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से नई हनुमान प्रतिमा स्थापित कराकर पूजा-अर्चना भी कराई गई। मौके पर बूढ़नपुर के एसडीएम अभय राज शुक्ल भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी अराजक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने जैसी बात सामने नहीं आई है। प्रतिमा किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है। सभी पहलुओं ...

शिक्षक आंदोलन के शिल्पी वेदपाल सिंह को दी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि

बोले विनोद राय, पदचिह्न बनाने वालों में थे वेदपाल सिंह

आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय सलाहकार एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय वेदपाल सिंह को बुधवार को शहर के आराजीबाग स्थित शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह का पूरा जीवन शिक्षक समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दूसरों के पदचिह्नों पर चलते हैं, जबकि कुछ स्वयं पदचिह्न बनाते हैं। वेदपाल सिंह ऐसे ही व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने संघर्ष, संगठन क्षमता और दूरदर्शी नेतृत्व से शिक्षक आंदोलन को नई दिशा दी। भाजपा नेता अखिलेश मिश्र 'गुड्डू' ने कहा कि वेदपाल सिंह ने आजीवन शिक्षक हितों की लड़ाई पूरी निष्ठा और ईमानदारी से लड़ी। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और संगठन के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि वेदपाल सिंह ने अपने संघर्षशील नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता के बल पर शिक्षक समाज को सम्मानजनक पहचान दिलाई। उनका निधन शिक्षक समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। सभा की अध्यक्षता करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन ने आज अपना एक ऐसा अभिभावक खो दिया है, जो समय-समय पर संगठन का मार्गदर्शन करता था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा नेता जयनाथ सिंह, दीवानी बार के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, मंत्री अनुराग दीक्षित, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, नरेंद्र सिंह, इफ्तेखार काशीपुरी, रमेश सिंह, जनार्दन सिंह एवं रामबचन यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्वर्गीय वेदपाल सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके संघर्ष, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण को अविस्मरणीय बताया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री जितेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राजेंद्र यादव, उपेंद्र शुक्ला, रणंजय सिंह, डॉ. चन्द्रभान सिंह, उमाशंकर सिंह, मंजूलता राय, प्रमोद लाल श्रीवास्तव, अवधराज सिंह, अनिल सिंह, शैलेश राय, डॉ. राजेश सिंह, वकील मौर्य, प्रियंका श्रीवास्तव, यशवंत सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, हरिप्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षक नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं