सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलटी

छत पर बैठा युवक गंभीर घायल, बस चालक की सूझबूझ से टला हादसा

आजमगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-128 (गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग) पर जौनपुर के जिवली मोड़ के आगे प्राथमिक विद्यालय के समीप बुधवार को रोडवेज बस को ओवरटेक करने के प्रयास में एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पिकअप की छत पर बैठा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रोडवेज बस में सवार छह यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जौनपुर से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस को पीछे से आ रही पिकअप ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक बस के सामने दाहिनी ओर वाहन मोड़ दिया। इससे पिकअप बस के अगले हिस्से से टकराते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। बस चालक की सूझबूझ और समय रहते लगाए गए ब्रेक से बड़ा हादसा टल गया। बस चालक रामू विश्वकर्मा ने बताया कि वह अपनी लेन में बस चला रहे थे। तभी पीछे से आई पिकअप ने ओवरटेक कर अचानक बस के सामने कट मार दिया। उन्होंने तत्काल ब्रेक लगाया, जिससे बस नियंत्रण में रही और यात्रियों की जान बच गई। हादसे में पिकअप की छत पर बैठे दिवाकर मौर्य पुत्र मनोज मौर्य, निवासी थाना खेतासराय (जनपद जौनपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। स्थानीय निवासी भारत यादव ने बताया कि पिकअप चालक सौरभ मौर्य, दिवाकर मौर्य को उनकी रिश्तेदारी में कोहरौली गांव छोड़ने जा रहा था। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। रोडवेज बस के परिचालक अनिल ने बताया कि बस में छह यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में बस के सभी यात्री सुरक्षित हैं। पिकअप पर बैठा युवक घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जौनपुर रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं