रेलिंग फिनिशिंग के दौरान करंट लगने से मजदूर की दर्दनाक मौत
आदर्श कुमार सोमवार को जीयनपुर क्षेत्र के हरखोरी गांव में रेलिंग लगाने का कार्य कर रहा था। काम के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जीयनपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जीयनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक आदर्श कुमार दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर के सामने रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है। जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
