सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

घाघरा और टोंस नदी का जलस्तर घटा, बाढ़ का खतरा फिलहाल टला

सभी प्रमुख गेज स्थलों पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे, प्रशासन सतर्क

आजमगढ़ बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बाढ़ खंड आजमगढ़ द्वारा गुरुवार सुबह 8 बजे जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार जिले की घाघरा एवं टोंस नदी का जलस्तर सभी प्रमुख गेज स्थलों पर खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया है। अधिकांश स्थानों पर जलस्तर में गिरावट का रुख बना हुआ है, जिससे फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार घाघरा नदी के उत्तरहा गेज पर जलस्तर 75.40 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 76.60 मीटर से नीचे है। बदरहुआ गेज पर जलस्तर 70.78 मीटर तथा डिघिया गेज पर 70.05 मीटर रिकॉर्ड किया गया। वहीं टोंस नदी के सेंटरल गेज पर जलस्तर 66.950 मीटर दर्ज हुआ, जो खतरे के निशान 74.88 मीटर से काफी नीचे है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार जिले में नदियों का जलस्तर सामान्य स्थिति में है और अधिकांश स्थानों पर घटाव का रुख बना हुआ है। इसके बावजूद प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है तथा संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां जारी हैं। रिपोर्ट के अनुसार 30 जुलाई तक जिले में कुल 396.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और नदी तटीय क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं