सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

अधिवक्ताओं को मिली बड़ी सौगात, 38.16 लाख से बनेगा वातानुकूलित मीटिंग हॉल

अधिवक्ताओं को मिली बड़ी सौगात, 38.16 लाख से बनेगा वातानुकूलित मीटिंग हॉल

एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने किया शिलान्यास, छह माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

निजामाबाद। तहसील परिसर में मंगलवार को अधिवक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात का शुभारंभ हुआ। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विजय बहादुर पाठक ने मुख्यमंत्री की त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत ₹38.16 लाख की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक वातानुकूलित अधिवक्ता मीटिंग हॉल का विधिवत शिलान्यास किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि यह जनपद आजमगढ़ का पहला आधुनिक वातानुकूलित अधिवक्ता मीटिंग हॉल होगा, जिसमें अधिवक्ताओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि भवन में कुर्सियां, मेज, पंखे तथा चार एयर कंडीशनर (एसी) लगाए जाएंगे, जिससे अधिवक्ताओं को बेहतर वातावरण में बैठकर अपने कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य मुख्यमंत्री की त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है तथा लगभग छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में एमएलसी ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा, ताकि अधिवक्ताओं को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का लाभ मिल सके।

 इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, बार एसोसिएशन निजामाबाद के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता तथा तहसील के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमएलसी विजय बहादुर पाठक के प्रति आभार व्यक्त किया।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं