खास खबर

24 घंटे की तलाश के बाद 10 वर्षीय वैभव का शव पड़ोसी के बेसमेंट से बरामद, हत्या का आरोप

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पड़ोसी हिरासत में

पूछताछ में हत्या की बात कबूल, कस्बे में शोक और आक्रोश

गोरखपुर। खजनी कस्बे में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र वैभव वर्मा की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने पड़ोसी सर्वेश भट्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी के बयान के आधार पर उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद वैभव साइकिल लेकर खेलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद उसकी साइकिल और एक चप्पल खेत के पास मिली, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पांच टीमें गठित की गईं। डॉग स्क्वॉयड, फॉरेंसिक टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। सीसीटीवी फुटेज में वैभव के पीछे पड़ोसी सर्वेश भट्ट जाता दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के कारण और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वैभव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब एक माह पहले ही उसकी मां का लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ था। बेटे की हत्या की खबर से परिवार पर दुखों का दूसरा बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे खजनी कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है।


एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वॉयड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं