तमिलनाडु की महिला से 21,999 की साइबर ठगी, जांच में आजमगढ़ तक पहुंचे तार
सोशल मीडिया पर निवेश का झांसा देकर की गई ठगी
आजमगढ़ के बैंक खाते में पहुंची रकम
दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर तमिलनाडु की एक महिला से ₹21,999 की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायत की जांच के दौरान ठगी की रकम का लिंक आजमगढ़ के एक बैंक खाते से जुड़ा मिलने पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की है।
जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु निवासी जोसेफिन लाथा ने 10 फरवरी 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर निवेश से अधिक लाभ दिलाने वाले एक विज्ञापन पर भरोसा कर विभिन्न माध्यमों से कुल ₹21,999 जमा किए थे। बाद में उन्हें पता चला कि यह पूरा निवेश फर्जी था और उनके साथ साइबर ठगी की गई है। तकनीकी जांच के दौरान साइबर टीम को पता चला कि ठगी की गई धनराशि का एक हिस्सा आजमगढ़ निवासी अनुल यादव के बैंक खाते में स्थानांतरित हुआ था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित खाते की जांच कर अनुल यादव को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में अनुल यादव ने बताया कि उसने अपने बैंक खाते का एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग सुविधाएं अपने मित्र शशांक सिंह को उपयोग के लिए दे रखी थीं। शशांक सिंह उसके खाते के माध्यम से लेन-देन करता था और इसके बदले उसे ₹4,000 कमीशन दिया था। पुलिस जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर अनुल यादव और शशांक सिंह के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
