सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

हाईवे पर मौत का जाल, जिम्मेदार बेखबर

 कहीं ट्रकों की अवैध पार्किंग तो कहीं सड़क पर गहरे गड्ढे, राहगीरों की जान जोखिम में हाइवे पर ट्रकों की पार्किंग और गड्ढे बढ़ा रहे हादसे का खतरा ट्रकों की अवैध पार्किंग और गड्ढों से हाइवे पर हादसों का खतरा एक लेन पर भारी वाहनों का कब्जा, रानी की सराय से कोटिला तक सड़क बदहाल आजमगढ़। जिले के नेशनल और स्टेट हाईवे पर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर भारी वाहनों की पार्किंग हादसों को न्योता दे रही है। हाईवे की पटरियों से लेकर एक लेन तक ट्रक और अन्य वाहन खड़े होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रात के समय सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों के कारण बाइक, स्कूटी और चार पहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक खतरा रहता है। हादसा होने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता बढ़ती है, जबकि नियमित कार्रवाई के नाम पर कुछ वाहनों का चालान कर खानापूर्ति किए जाने का आरोप है। जिले से आजमगढ़-वाराणसी, आजमगढ़-अयोध्या, आजमगढ़-गोरखपुर, आजमगढ़-बलिया, आजमगढ़ वाया शाहगंज-लखनऊ और आजमगढ़-प्रयागराज मार्ग गुजरते हैं। आजमगढ़-वाराणसी, आजमगढ़-प्रयागराज और आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर मोरंग, बालू, गिट्टी और बोल्डर लदे ...

सर्पदंश से 11 वर्षीय छात्र व दो वर्षीय मासूम की मौत, महिला की जान बची

मेंहनगर में समय पर इलाज से बची महिला

चिकित्सकों ने झाड़-फूंक से बचने की दी सलाह

आजमगढ़। जिले में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। जहानागंज और जीयनपुर क्षेत्र में जहरीले सांप के काटने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि मेंहनगर क्षेत्र में समय पर इलाज मिलने से एक महिला की जान बच गई। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें।
जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ताड़ी निवासी अनिल का 11 वर्षीय पुत्र आयुष शुक्रवार देर रात घर में सो रहा था। रात करीब एक बजे शौचालय जाने के लिए जैसे ही उसने मुख्य दरवाजा खोला, चौखट के पास छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक, फिर जिला अस्पताल, पीजीआई चक्रपानपुर और धार्मिक आस्था के चलते अमवा स्थित सती माई स्थान तक ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। आयुष प्राथमिक विद्यालय ताड़ी में कक्षा पांच का छात्र था। उसकी मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, सगड़ी तहसील के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तरपुर खुशहाल गांव में रविवार दोपहर अजय यादव के दो वर्षीय इकलौते पुत्र अयांश को घर में सांप ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अयांश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन है। मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मेंहनगर क्षेत्र में गाजीपुर जनपद के बहरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी पुष्पा चौहान घर के पास सीमेंट की पटिया उठाते समय सर्पदंश का शिकार हो गईं। परिजन पहले झाड़-फूंक में उलझे रहे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। बाद में उन्हें खरिहानी स्थित एक क्लिनिक ले जाया गया, जहां सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पांडेय ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सक के अनुसार महिला अब खतरे से बाहर हैं।
डॉ. नरेंद्र पांडेय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें। मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। जिस स्थान पर सांप ने काटा हो, उसके ऊपर के हिस्से को हल्के दबाव के साथ बांधकर मरीज को जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं। इससे समय पर उपचार मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं