खास खबर

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत


सिंघड़ा गांव के पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

एक वर्ष की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

आजमगढ़। आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

 बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र स्व. अवधू सिंह रविवार को किसी काम से आजमगढ़ गए थे। रात करीब नौ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने में जुटी है। परिजनों के मुताबिक आनंद पानी सप्लाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी अंजली सिंह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। आनंद अपने पीछे पत्नी और करीब एक वर्ष की मासूम बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं