अस्पताल के बाहर पेड़ पर दिखा विशाल अजगर, देखकर सहमे लोग
करीब 12 फीट लंबे अजगर के
आजमगढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जगह-जगह जलभराव के बीच अब जंगली जीवों के रिहायशी इलाकों की ओर आने से लोगों में दहशत बढ़ने लगी है। बाराबंकी मुख्यालय से सटे माती क्षेत्र में विजयलक्ष्मी अस्पताल के पास सड़क किनारे एक पेड़ पर करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर रेंगता दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात अस्पताल के बाहर सड़क किनारे खड़े एक विशाल पेड़ पर लोगों की नजर अजगर पर पड़ी। अजगर पेड़ की मोटी टहनियों पर धीरे-धीरे रेंगते हुए ऊपर की ओर बढ़ रहा था। राहगीरों और अस्पताल के आसपास मौजूद लोगों ने टॉर्च की रोशनी में जब अजगर को देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। अजगर के पेड़ पर चढ़ने का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विशालकाय अजगर को देखकर आसपास रहने वाले लोगों में भी भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भर गया है। ऐसे में सांप और अन्य जंगली जीव सुरक्षित ठिकाने की तलाश में आबादी की ओर आ सकते हैं। अस्पताल के पास अजगर मिलने से मरीजों के तीमारदारों और राहगीरों में भी चिंता बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और अजगर समेत अन्य जंगली जीवों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराने की मांग की है। वन विभाग की टीम द्वारा अजगर को रेस्क्यू किए जाने के संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पेड़ पर विशालकाय अजगर का वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।