स्कूल से लौटी किशोरी की संदिग्ध मौत
धरवारा में किशोरी की मौत, कारणों की जांच जारी
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में शुक्रवार दोपहर 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक व्याप्त है।जानकारी के अनुसार, धरवारा गांव निवासी चंद्रशेखर राव की 15 वर्षीय पुत्री संध्या शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल से घर लौटी थी। उस समय उसकी मां सोनी देवी, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, धान की रोपाई के लिए खेत गई थीं, जबकि पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। परिवार में पहले से किसी बात को लेकर तनाव होने की बात भी सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने पर जहानागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतका अपने माता-पिता की दो पुत्रियों में एक थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
