माहुल-अंबारी मार्ग पर वारदात से मचा हड़कंप
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-अंबारी मार्ग पर बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने महिला के कान की सोने की बाली छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कोर्राघाटमपुर निवासी अरविंद अपनी पत्नी ममता और बुआ के लड़के के साथ बाइक से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुसहा गांव स्थित अपने साढ़ू के घर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने माहुल बाजार से कुछ सामान खरीदा। इसके बाद जैसे ही वे माहुल-अंबारी मार्ग पर टिकुरिया मैदान के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और झपट्टा मारकर ममता के कान की सोने की बाली छीन ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित परिवार घबरा गया और शोर मचाने लगा। सूचना मिलते ही माहुल बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस तंत्र भी तत्काल सक्रिय हो गया। थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस माहुल बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। अहरौला पुलिस पीड़ित अरविंद को साथ लेकर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।