सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

Lakhimpur : एबीवीपी के अवध प्रांत सह मंत्री पर कार्यालय में घुसकर हमला, चेन और नकदी लूटी

लखीमपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अवध प्रांत सह मंत्री के ऊपर बुधवार देर रात कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला और लूटपाट का मामला प्रकाश में आया है। घटना शहर की मिश्राना पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई। पीड़ित एबीवीपी नेता ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में मुहल्ला मिश्राना में बुधवार देर रात तकरीबन 11:15 बजे हुई। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुर निवासी हरप्रीत सिंह, जोकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अवध प्रांत सह मंत्री हैं, वह बुधवार रात मिश्राना स्थित संगठन के कार्यालय पर बैठे थे। तभी रात करीब 11:15 बजे अपूर्वम मिश्रा, प्रभात शुक्ला, राघवेंद्र शुक्ला अपने 10-12 अन्य अज्ञात साथी लेकर वहां आ धमके।  हरप्रीत सिंह का कहना है कि इन लोगों ने उनके सिर पर तमंचा लगा दिया और हाकियों से जमकर उनकी पिटाई की। इसके बाद हमलावरों ने उनकी सोने की चेन और पास में मौजूद कुछ नकदी भी लूट ली। इसके बाद सभी हमलावर वहां से धमकी देते हुए भाग गए। जहां यह घटना हुई, वहां से मिश्राना पुलिस चौकी कुछ ही दूरी पर स्थित है। इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ गए हैं। घायल हरप्रीत सिंह ने जिला अस्पताल में अपना इलाज कराया है। उन्होंने पुलिस को इस मामले में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मारपीट और लूट समेत कई अन्य धाराओं में अपूर्वम मिश्रा, प्रभात शुक्ला, राघवेंद्र शुक्ला और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है। शहर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर ही एफआइआर दर्ज कर ली गई थी। हरप्रीत सिंह का चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार कराया गया है आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करके पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं