सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

Mau : मऊ में सरयू तट पर मिले शिवलिंग की जांच करने पहुंचा पुरातत्व विभाग

बीते 16 जुलाई को सावन माह के प्रथम सप्ताह में मिला था शिवलिंग

मऊ। सरयू तट से सावन माह के प्रथम सप्ताह में मिले चांदी के शिवलिंग की जांच के लिए मंगलवार को पुरातत्व विभाग की टीम बाबा मेलाराम मंदिर पहुंची। इस दौरान टीम ने शिवलिंग की गहनता से जांच पड़ताल की। शिवलिंग की ऊंचाई और चौड़ाई को नापा। इसके बाद उसको अपने रिकार्ड बुक में दर्ज किया।

बता दें कि बीते 16 जुलाई को सुबह पुल के नीचे स्नान कर रहे राम मिलन साहनी के पैरों से कोई ठोस वस्तु टकराई थी। इसको बाहर निकाला गया तो वह शिवलिंग था। इसको विधिवत पूजा पाठ कर थाने ले जाया गया। यहां स्थानीय लोगों की उपस्थिति में शिवलिंग की जांच कराई गई। इस पर ऊपरी हिस्सा चांदी तथा अंदर लाख भरा हुआ था। इसका वजन कराने पर करीब 21 किग्रा निकला था। इसके बाद उसे थाने के मालखाने में रख दिया गया था। स्थानीय लोगों के आग्रह पर शिवलिंग की भव्य शोभायात्रा निकाल बाबा मेलाराम मंदिर परिसर में स्थापित करने के लिए प्रशासन की अनुमति से लाया गया। यहां पर भव्य मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रतिदिन शिवलिंग को देखने व पूजा पाठ के लिए  श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार के निर्देश पर पुरातत्व विभाग व संस्कृतिक विभाग की टीम सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में जांच के लिए पहुंची। टीम आने की सूचना पर मंदिर परिसर में भारी भीड़ जुट गई। पुरातत्व विभाग की टीम ने शिवलिंग की लंबाई, चौड़ाई तथा उसकी परिधि की नाप-जोख लिया। पुरातत्व विभाग के अधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि इस शिवलिंग की जांच की जा रही है।


सर्वाधिक पढ़ीं गईं