सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खास खबर

खेत में दौड़ता करंट बना काल, सरिता की मौत

धान की निराई करते समय विद्युत तार की चपेट में आईं महिला बरदह। थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।...

Azamgarh: बच्चों का आरोप, कन्या कंपोजिट विद्यालय में नहीं मिलता पेटभर खाना

तहसीलदार ने खंड शिक्षा अधिकारी को लगाई फटकार

आजमगढ़। अतरौलिया के कन्या कंपोजिट विद्यालय में मिड-डे मील में लापरवाही बरती जा रही है। कई शिकायतों के बाद मंगलवार को तहसीलदार स्कूल में जांच के लिए पहुंचे। इस दौरान बच्चों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इस पर तहसीलदार ने खंड शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाई।

अतरौलिया नगर पंचायत में स्थित कन्या कंपोजिट विद्यालय की लगातार मिल रही शिकायत के बाद मंगलवार को तहसीलदार बुढ़नपुर रामानुज शुक्ला और खंड शिक्षा अधिकारी रवि शंकर यादव जांच के लिए पहुंचे। विद्यालय में जांच के दौरान उपस्थित बच्चों से मिड डे मील के बारे में पूछा गया तो कुछ बच्चों द्वारा बताया गया कि उन्हें भरपेट खाना नहीं मिलता है। बच्चों ने बताया कि मीनू के अनुसार खाना नहीं दिया जाता। कुछ बच्चियों ने बैठने के लिए चटाई न मिलने की शिकायत की। एक बच्चे ने बताया कि स्कूल में पेटभर खाना नहीं मिलता है। इसलिए वह स्कूल का खाना नहीं खाता है। बच्चे ने बताया कि वह घर से खाना लेकर आता है। यह भी पता चला कि स्कूल में मीनू के अनुसार खाना नहीं बनता है। तहसीलदार द्वारा विद्यालय के ड्यूटी रजिस्टर की जांच की गई। रसोईघर आदि की भी जांच की गई। जांच के दौरान बच्चों ने दोनों अधिकारियों को जाते समय घेर लिया और अपनी अपनी समस्या बताई। तहसीलदार बूढ़नपुर ने बताया कि विद्यालय में काफी अनियमितता पाई गईं हैं। विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव है। फल का वितरण नहीं किया गया था। भोजन कम मिलने की शिकायत मिली है। संबंधित को चेतावनी दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी रवि शंकर यादव ने बताया कि विद्यालय में 2 शिक्षकों की राजनीति के कारण इस तरह की शिकायतें आ रहीं हैं। मेरे द्वारा बच्चों से कमरे में जाकर पूछा गया तो उन्होंने कोई समस्या नहीं बताई। बेसिक शिक्षा अधिकारी को सूचित कर दिया गया है। जांच के दौरान उचित कार्रवाई होगी। तहसीलदार ने खंड शिक्षा अधिकारी को चेतावनी देते हुए फटकार लगाई।

सर्वाधिक पढ़ीं गईं